न्यूज़ हिमाचल31 /शिमला
हिमाचल प्रदेश में स्वाइन फ्लू तेज़ी से फैल रहा है। विधानसभा के अध्यक्ष राजीव बिंदल भी स्वाइन फ्लू की चपेट में आ गए हैं। बज़ट सत्र की कार्रवाई के संचालन के दौरान गुरुवार को बिंदल ने खुद इस बात की जानकारी दी।
बिंदल ने कहा कि आइज़ीमसी में उनका स्वाइन फ्लू का टेस्ट हुआ है, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसलिए जब तक वह स्वस्थ नहीं हो जाते, सदन में नहीं आएंगे। अब विस उपाध्यक्ष सदन की कार्रवाई का संचालन करेंगे। बिंदल ने अपने संपर्क में आने वाले सभी लोगों से भी अपील की है कि वे एहतियातन स्वाइन फ्लू की दवाई लें।
बिंदल ने यह जानकारी सदन में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा राज्यपाल के अभिभाषण पर हुई चर्चा का जवाब देने के उपरांत दी। इसके बाद उन्होंनेे सदन को कल शुक्रवार सुबह 11 बजे तक स्थगित कर दिया। शनिवार को विस में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर वितीय वर्ष 2019-20 का बजट सदन में प्रस्तुत करेंगे। उल्लेखनीय है कि सूबे में स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों से हर कोई ख़ौफ़ज़दा है। पहली जनवरी से अब तक 100 से अधिक लोगों को स्वाइन फ्लू अपनी चपेट में ले चुकी है। वहीं 16 लोगों की मौत हुई है।