न्यूज हिमाचल31/नाहन
मंगलवार शाम राजगढ़ बाजार से लापता दसवीं कक्षा का छात्र ईशांत सही-सलामत मिल गया है। सोशल मीडिया की बदौलत यह संभव हो पाया है। दरअसल ईशांत ने एक ट्रक में हाब्बन की तरफ जाने के लिए लिफ्ट ली। इसी बीच उसने चालक से कंडक्टर बनने की बात कही।जिसके चलते वह चालक के साथ आगे निकल गया ।

ट्रक चालक राम सिंह ने फेसबुक व व्हाटसएप पर शेयर की जा रही खबर को पढ़ लिया। तत्काल ही परिवार से संपर्क किया। देर रात ही ईशांत को उसके परिवार के सुपुर्द कर दिया गया। उल्लेखनीय है कि बीपीओ कार्यालय नौहराधार में कार्यरत चंद्रकला के पास ही ईशांत राजगढ़ में रह रहा है। बच्चे के लापता होने के बाद से ही परिवार तलाश में दर-ब-दर की ठोकरें खा रहा था। ईशांत के मामा दलबीर सिंह ने सोशल मीडिया व ट्रक चालक राम सिंह का सहयोग करने पर आभार प्रकट किया है।
उधर ट्रक चालक ने भी होशियारी दिखाते हुए ईशांत को इस बात की भनक नहीं लगने दी कि उसके परिवार को सूचना दी गई है। ट्रक चालक को सोशल मीडिया पर खबर पढ़ने के बाद ही ईशांत की गुमशुदगी का पता चला था।
